गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी के पास पहुंची 1000 शिकायतें - मानवी मीडिया

निष्पक्ष एवं निर्भीक

.

Breaking

Post Top Ad

Post Top Ad

Sunday, November 6, 2022

गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी के पास पहुंची 1000 शिकायतें


गोरखपुर (मानवी मीडिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की सुबह गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में जनता दरबार लगाया। सीएम से अपनी समस्याओं की फरियाद सुनने करीब एक हजार लोग पहुंचे थे। जिसमें करीब 800 लोगों की शिकायतों को सीएम ने खुद सुना।

जबकि, अन्य के प्रार्थना पत्र अधिकारियों ने लिए। इस दौरान किसी ने मुख्यमंत्री से इलाज के लिए मदद मांगी, तो किसी ने जमीन पर कब्जे की शिकायत की। इस बीच सीएम योगी बच्चों को दुलार करते भी नजर आए।

रविवार को करीब 2 घंटे चले जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के अन्य जिलों से आने वालों की तादाद काफी अधिक ही रही। दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर परिसर में करीब 800 लोगों से एक-एक कर मुख्यमंत्री मिले। पीड़ितों में सर्वाधिक महिलाएं थीं। उन्होंने एक- एक कर सभी की समस्याएं सुनी और सभी को मदद का भरोसा दिलाया।

महाराज जी...मेरा बेटा गायब हो गया है
तिवारीपुर की एक महिला ने अपने मकान न बनने की शिकायत मुख्यमंत्री से की। इस पर उन्होंने कार्रवाई के लिए अफसरों को निर्देश दिया। गोरखनाथ क्षेत्र की एक महिला ने कुछ लोगों द्वारा गाली दिए जाने की शिकायत की। तो एक महिला ने अपने बेटे के गायब होने की बात मुख्यमंत्री से कही। इस पर उन्होंने अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

स्कूल वाले वसूल रहे बच्चों की अधिक फीस
इसी तरह संतकबीर नगर की एक महिला ने खुद की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा मकान न बनाने देने की बात कही। एक महिला ने अपने बच्चे की फीस के लिए मदद मांगी तो उन्होंने मदद करने का भरोसा दिया। खोराबार की एक महिला ने अपनी भूमि पर कुछ दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने की बात कही। साथ ही कहा कि विरोध करने पर वह धमकी देते हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई करने की बात कही।

भू-माफियाओं ने कब्जा कर ली जमीन

एक महिला ने इलाज के लिए मदद मांगी, तो उन्होंने इस्टीमेट बनवा कर देने को कहा। जंगल कौड़िया ब्लाक की डोहरिया निवासनी गंगोत्री देवी उर्फ गंगोत्रा पत्नी स्व. मुराली लाल उर्फ बृज मुरारी ने कहा कि उसका एक बेटा वीरेंद्र अविवाहित था, लेकिन भू-माफियाओं ने उसकी जमीन हड़पने के लिए कुटुंब रजिस्टर में सुभावती का नाम उसके बेटे की पत्नी के नाम पर दर्ज कर लिया। मुख्यमंत्री ने विधवा को कार्रवाई का भरोसा दिया।

पुलिस और रास्जव के अधिक मामला पहुंचे
रविवार को जनता दर्शन के दौरान पुलिस से जुड़े मामलों को एसएसपी तो राजस्व से जुड़े मामलों के पत्र उन्होंने डीएम को सौंपे। इसके अलावा जिले से बाहर के आए फरियादियों के शिकायती पत्र कमिश्नर और DIG को सौंप कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान ADG अखिल कुमार, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, DIG जे रवींद्र गौड़, DM कृष्ण करुणेश, SSP डा. गौरव ग्रोवर, ADM सिटी विनीत कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मिले सीएम

रविवार को करीब सौ से अधिक पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री योगी से मिलने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री सभी से जनता दर्शन के दौरान ही मिले और उनकी बातों को सुना।

गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन कर गोशाला में की गोसेवा

इससे पहले सुबह मठ से बाहर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन किया। उसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर माथा टेक आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंच, वहां गोसेवा की।

योगी को अपने बीच पाकर गोवंश खुद उनके पास चले आए। योगी ने गायों को गुड़ एवं चना खिलाया। जनता दर्शन के बाद योगी ने श्वान कालू एवं गोलू को बिस्कुट खिलाने के साथ ही उन्हें दुलार किया।

Post Top Ad