अखिलेश यादव ने भाजपा को हराने और हटाने के लिए लिया अन्न संकल्प - मानवी मीडिया

निष्पक्ष एवं निर्भीक

.

Breaking

Post Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, February 16, 2022

अखिलेश यादव ने भाजपा को हराने और हटाने के लिए लिया अन्न संकल्प

 


लखनऊ (मानवी मीडिया)समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने आज औरैया, कानपुर देहात, कन्नौज और फर्रुखाबाद में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों के सामने संकट पैदा किया है। समाजवादियों ने भाजपा को हराने और हटाने के लिए अन्न संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि इस बार हर वर्ग समाजवादी पार्टी के साथ है और भाजपा का सफाया कर रहा है।

     यादव ने कहा कि जनता के प्रबल समर्थन से मतदान के पहले चरण से ही भाजपा का सफाया हो गया है। दूसरे चरण में भी वह हार रही है। बुन्देलखण्ड का जनसमर्थन देखने के बाद तो भाजपा के नेता सन्न रह गए है। अब आगे वे शून्य हो जाएंगे। जनता इनको माफ करने वाली नहीं है।

    अखिलेश यादव ने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों को कुचलकर मारने वालों को जमानत भले मिल गई है लेकिन कोर्ट में मजबूत पैरवी करके उन्हें और साथ में उनके पालने पोसने वालों को भी जेल भेजेंगे। भाजपा सरकार ने तीन काले कानून लाकर किसानों की फसल और खेती छीनने की साजिश रची। हमारे किसानों ने एकजुटता और आंदोलन की ताकत से भाजपा सरकार को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों ने विधानसभा चुनाव को अपने मान सम्मान का चुनाव समझते हुए भाजपा का सफाया कर दिया है। जो लोग गर्मी निकालने की बात करते थे उनकी भाप निकल गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के सरकारी विभागों में बहुत पद खाली हैं। सपा सरकार आने पर हम 11 लाख पदों पर नौजवानों की भर्ती के लिए नौकरी निकालेंगे। 22 लाख नौकरी आईटी क्षेत्र में पैदा करेंगे। कानून व्यवस्था मजबूत करेंगे। डायल 100 में गाड़ियों की संख्या बढ़ाएंगे। कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। समाजवादी लोग गरीबों किसानों, नौजवानों को न्याय दिलाएंगे।

    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार में महंगाई बेरोजगारी बहुत बढ़ गई है। पेट्रोल 100 के पार है। भाजपा सरकार फिर आई तो 200 रूपये तक पहुंच जाएगा। रसोई गैस सिलेंडर 1000 रुपए तक पहुंच गया। सरसों का तेल ₹200 के पार है। भाजपा सरकार ने गरीबों की जेब काटकर अमीरों की तिजोरी भरी है। कई उद्योगपति बैंकों में जमा जनता का पैसा लेकर भाग गए। पहले भी कई उद्योगपति भाग चुके हैं। भाजपा सरकार में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और घोटाला हो रहा है।

     अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने भेदभाव के साथ काम किया है। पिछड़ों, दलितों और गरीबों का हक छीना गया है। समाजवादी सरकार बनने पर किसानों की फसलों की खरीद के लिए मंडियां बनाएंगे। हर फसल की एमएसपी देंगे। खेती के लिए सिंचाई मुफ्त होगी। किसानों को डीएपी और यूरिया दी जाएगी। 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त होगी। माताओं बहनों को साल में ₹18000 समाजवादी पेंशन देंगे। सरकार बनने के तीन महीने में जाति जनगणना कराने का काम करेंगे। कोरोना की वजह से बहुतों की उम्र बढ़ गई है। उम्र में छूट देकर भी हम उन्हें नौकरी देंगे।

    कन्नौज के तिर्वा विधानसभा क्षेत्र में अपने सम्बोधन में  अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज में बहुत साजिशें हो रही है। भाजपा ने कन्नौज और कन्नौज के इत्र को बहुत बदनाम किया है। जिन्होंने जिंदगी भर लूटा और वसूला वे वर्दी उतार कर अब चुनाव लड़ने आए हैं। यहां के लोग वर्दी उतारने वालो का नशा उतार देंगे।

    अखिलेश यादव ने कहा कि हम भाईचारा चाहते हैं। काम करना चाहते है। गरीबों की मदद करते हैं इसलिए भाजपा झूठे आरोप लगाकर हमें बदनाम करती है। भाजपा ने विकास रोकने का काम किया है। उन्होंने याद दिलाया कि यह चुनाव विकास, तरक्की, लोकतंत्र और संविधान बचाने और रोजगार के लिए है।

Post Top Ad