संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का तीसरा चरण 2 सितम्बर से* *सभी वार्डो में होगी फागिंग* - मानवी मीडिया

निष्पक्ष एवं निर्भीक

.

Breaking

Post Top Ad

Post Top Ad

Saturday, August 31, 2019

संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का तीसरा चरण 2 सितम्बर से* *सभी वार्डो में होगी फागिंग*

*संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का तीसरा चरण 2 सितम्बर से*
*सभी वार्डो में होगी फागिंग*


लखनऊ, 31 अगस्त 2019
 आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आगामी संचारी रोग नियंत्रण माह के संबंध में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया ।प्रेस वार्ता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि आगामी 2 सितंबर से प्रारंभ होने वाले संचारी रोग नियंत्रण माह तथा दस्तक अभियान में सभी वार्ड में फागिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त के साथ समन्वय बैठक में यह तय हुआ है कि स्वास्थ्य विभाग तथा नगर निगम मिलकर यह कार्य करेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लार्विसाइडल का छिड़काव किया जाएगा एवं स्वास्थ्य शिक्षा दी जाएगी ।साथ ही साथ नगर निगम द्वारा उसी समय फागिंग भी की जाएगी। इस प्रकार सभी 110 वार्ड में 10 दिन के अंदर फागिंग एवं लार्विसाइडल का छिड़काव कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1938 आशाएं ग्रामीण क्षेत्रों तथा नगरीय क्षेत्रों में प्रत्येक घर में दस्तक देकर संचारी रोग के बारे में जानकारी देंगी। तथा बुखार के केसों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया की संचारी रोग नियंत्रण अभियान उत्तर प्रदेश के 18 जनपदों में चलाया जा रहा है ,जिसमें चिकित्सा विभाग नोडल विभाग के रूप में कार्य करेगा तथा संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चिकित्सा विभाग के साथ नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पशुपालन विभाग ,बाल विकास  एवं पुष्टाहार विभाग ,शिक्षा विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ,कृषि एवं सिंचाई विभाग की सामूहिक सहभागिता होगी।
बारिश के  मौसम में संचारी रोगों का खतरा बहुत बढ़ जाता है | इस मौसम में हवा में बहुत नमी होती है जिससे लोग वायरल बुखार व जल जनित बीमारियों के चपेट में आ जाते हैं | संचारी रोग नियंत्रण अभियान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का महत्वाकांक्षी अभियान है | इस क्रम में पूरे सूबे में 2 सितम्बर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा जो कि 30 सितम्बर तक चलेगा | इस तीसरे संचारी रोग एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ प्रदेश  के माननीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं मातृ एवं शिशु कल्याण मंत्री जय प्रताप सिंह द्वारा शहीद अशफाक़ उल्लाह खान नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बरावन कला (बालागंज वार्ड) में किया जाएगा | इस अवसर पर राज्य मंत्री चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं मातृ एवं शिशु कल्याण, अतुल गर्ग, महापौर संयुक्ता भाटिया एव पश्चिमी क्षेत्र से विधायक सुरेश कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे | 
इस अवसर पर शहीद अशफाक़ उल्लाह खान नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बरावन कला (बालागंज वार्ड) का लोकार्पण स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह द्वारा किया जाएगा |
इस अभियान में सभी तहसील मुख्यालयों पर स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी व रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता व संचारी रोगों से बचाव के प्रति जानकारियाँ दी जाएंगी | इसके साथ ही वेक्टरजनित बीमारियों जैसे-मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया को खत्म करने के लिए एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव भी किया जाएगा | इस अभियान में आशा कार्यकर्ता गृह भ्रमण कर लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी |
ग्रामीण क्षेत्रों में आशा, एएनएम द्वारा मातृ समूहों की बैठक कर पानी को क्लोरीन टैबलेट से साफ करने का, हाथ धोने का  प्रदर्शन, खुले में शौच से मुक्ति, गंदगी व कूड़े के ढेर की सफाई तथा कूड़े का सही से निस्तारण के संबंध में व्यापक जन जागरूकता के कार्यक्रम किए जाएंगे |  
*क्या होता है वेक्टर जनित रोग ?*


रोगजनक (Pathogens) व परजीवियों की वजह से मनुष्य में होने वाली बीमारियों को वेक्टर जनित रोग कहते हैं, जैसे – डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया, स्वाइन फ्लू, जापानी इंसेफेलाइटिस( जेई) आदि |
*वेक्टर जनित रोगों से कैसे बचा जा सकता है ?*
डेंगू और चिकनगुनिया का, एडीज़ एजीप्टी मच्छर जल जमाव वाले स्थानों में ही पनपता है | कूलर व अन्य बर्तन जिसमें पानी का संचयन किया जाता है, आदि को सप्ताह में एक बार सुखाकर पुनः प्रयोग में लाएँ | घर की छतों, बेकार पड़े बर्तनों, गमलों के नीचे, एसी से निकलने वाले पानी, पक्षियों के लिए रखे गए पानी के बर्तन आदि को सप्ताह में एक बार ही सुखाकर ही प्रयोग में लाएँ | पूरी आस्तीन के कपड़े पहने, मच्छरदानी लगाकर सोएँ, मच्छररोधी क्रीम लगाएँ तथा घर के दरवाजों व खिड़कियों आदि पर जाली लगाएँ |


Post Top Ad