ऑल इण्डिया आई.ए.एस. टॉपर, आदित्य श्रीवास्तव का सीएमएस स्कूल में भव्य स्वागत - मानवी मीडिया

निष्पक्ष एवं निर्भीक

.

Breaking

Post Top Ad

Post Top Ad

Monday, April 22, 2024

ऑल इण्डिया आई.ए.एस. टॉपर, आदित्य श्रीवास्तव का सीएमएस स्कूल में भव्य स्वागत


लखनऊ, (मानवी मीडिया)मेरी सफलता में सी.एम.एस. का बहुत बड़ा योगदान है. आज मैं जो कुछ भी हूँ उसमें मेरे माता-पिता के आशीर्वाद व सी.एम.एस. के मेरे शिक्षको की अहम भूमिका है. यह कहना है कि आई.ए.एस. टॉपर व सिटी मोन्टेसरी स्कूल के छात्र आदित्य श्रीवास्तव का जो आज सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में अपनी अभूतपूर्व सफलता पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। आगे बोलते हुए आदित्य ने कहा कि स्कूल के शुरूआती दिनों में ही सी.एम. एस. ने मेरे भावी जीवन की नींव रख दी थी। सी.एम.एस. शान्तिपूर्ण शैक्षिक वातावरण, उच्च विचार एवं व्यक्तित्व विकास के प्रयास वास्तव में अतुलनीय हैं। इससे पहले, आज लखनऊ पधारने पर सी.एम.एस. के छात्रों व शिक्षकों ने आदित्य श्रीवास्तव का अमौसी एअरपोर्ट पर भव्य स्वागत करते हुए उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और उनकी अभूतपूर्व सफलता पर हार्दिक बधाईया दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित सी.एम.एस. छात्रों व शिक्षकों ने आदित्य को फूल-मालाओं से सजी खुली जीप में विक्ट्री मार्च के रूप में सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम तक ससम्मान लेकर आये। इस दौरान कई जगहों पर लखनऊ के प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा भी आदित्य का स्वागत किया गया। इस अभूतपूर्व स्वागत से आदित्य गद्गद् नजर आये।

विदित हो कि सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज प्रथम कैम्पस के मेधावी छात्र आदित्य श्रीवास्तव ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आई.ए.एस.) में ऑल इण्डिया प्रथम रैंक अर्जित कर कीर्तिमान स्थापित किया है और लखनऊ का गौरव सारे देश में बढ़ाया है। आदित्य की सम्पूर्ण प्राथमिक शिक्षा सी.एम.एस. अलीगंज कैम्पस से हुई है एवं सी.एम.एस. अलीगंज कैम्पस से ही आई.एस.सी. की परीक्षा 57 प्रतिशत अंको से उत्तीर्ण करने के उपरान्त आईआईटी कानपुर से बीटेक किया। आदित्य के पिताजी अजय श्रीवास्तव सेंट्रल आडिट डिपार्टमेंट में एएओ के पद पर कार्यरत हैं एवं माता आभा श्रीवास्तव गृहणी है। विगत वर्ष भी आदित्य ने 236वीं रैंक के साथ आई.ए.एस. की परीक्षा उत्तीर्ण की थी परन्तु सर्वोच्चता के शिखर पर पहुंचने की अभिलाषा में उन्होंने एक बार फिर से परीक्षा दी और इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सर्वोच्चता अर्जित कर अपने सपनों को साकार किया है।

प्रेस कान्फ्रेन्स में उपस्थित आदित्य के माता-पिता श्रीमती आभा श्रीवास्तव व  अजय कुमार श्रीवास्तव ने एक स्वर से कहा कि आदित्य की इस सफलता के लिए मैं सी.एम.एस. का आभारी हूँ। सी.एम.एस. संस्थापक स्वं डा. जगदीश गाँधी जी के प्रेरणादायी विचारों, प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति कश्यप व शिक्षकों के आत्मीय मार्गदर्शन ने ही आदित्य को आज इस मुकाम पर पहुंचाया है। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने कहा कि सी.एम.एस. के सारे ही पूर्व व वर्तमान छात्र हमारा गौरव हैं, जो शैक्षिक क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलता अर्जित करने के साथ ही मानवता के उच्च आदर्श स्थापित कर रहे हैं व सारी दुनिया में अपना आलोक बिखेर रहे हैं। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने कहा कि आई.ए.एस. की प्रतिष्ठित परीक्षा में अभूतपूर्व सफलता अर्जित करने वाले सी.एम.एस. छात्रों की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरा सी.एम.एस. परिवार गौरवान्वित है। पिछले 12 वर्षों में 77 सी.एम.एस. छात्रों ने यूपीएससी सिविल सर्विसेज की परीक्षा में सफलता पाई है। प्रो. किंगडन ने कहा कि आदित्य की सफलता व संकल्पशक्ति सभी छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है। सी.एम.एस. अलीगंज प्रथम कैम्पस की वरिष्ठ प्रधानाचार्या  ज्योति कश्यप ने आदित्य की अभूतपूर्व सफलता प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।


Post Top Ad