अब सरकारी नौकरी का सपना होगा पूरा, केंद्रीय विभागों में 10 लाख खाली पदों पर होगी भर्ती - मानवी मीडिया

निष्पक्ष एवं निर्भीक

.

Breaking

Post Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, July 20, 2022

अब सरकारी नौकरी का सपना होगा पूरा, केंद्रीय विभागों में 10 लाख खाली पदों पर होगी भर्ती

नई दिल्ली (मानवी मीडिया): केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में जानकारी देते हुए बताया कि देश के केंद्रीय विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं। 1 मार्च 2021 तक देश के तमाम केंद्रीय विभागों और मंत्रालयों में करीब 9.79 लाख पद खाली थे। इन विभागों और मंत्रालयों के लिए स्वीकृत पदों की संख्या 40.35 लाख के करीब है।

बता दें कि व्यय विभाग की वेतन अनुसंधान इकाई की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों/विभागों में 1 मार्च 2021 तक 40,35,203 स्वीकृत पद थे। जिनमें से करीब 9.79 लाख खाली थे और करीब 30,55,876 कर्मचारी पदों पर तैनात थे। आपको बता दें कि केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी लिखित जवाब के रूप में लोकसभा में दी। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्रीय विभागों में पदों पर नियुक्तियां संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है और यह एक सतत प्रक्रिया है।

मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के साथ संबद्ध और अधीनस्थ कार्यालयों में रिक्तियां रिटायरमेंट, प्रोमोशन, इस्तीफा और मृत्यु आदि के कारण पैदा होती हैं। उन्होंने संबंधित मंत्रालयों और विभागों से अनुरोध किया कि समयबद्ध तरीके से रिक्त पदों को भरने के लिए मिशन मोड में काम किया जाए।

प्रधानमंत्री मोदी ने दिए थे भर्ती के निर्देश

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते दिनों तमाम सरकारी विभागों और मंत्रालयों से अगले डेढ़ साल में खाली पड़े 10 लाख पदों पर नियुक्तियां करने के निर्देश दिए थे। प्रधानमंत्री ने इस पूरी भर्ती प्रक्रिया को मिशन मोड पर करने के भी निर्देश दिए थे। वहीं, लोकसभा में एक अन्य जानकारी देते हुए जितेंद्र सिंह ने बताया कि 3 मार्च, 2011 तक केंद्रीय विभागों में तैनात कुल 30,87,278 कर्मचारियों में से 3,37,439 महीला कर्मचारी हैं।

Post Top Ad