दवा और बेड नहीं दे पाई, ऐसी लापरवाह सरकार को उखाड़ फेंकना :: अखिलेश यादव - मानवी मीडिया

निष्पक्ष एवं निर्भीक

.

Breaking

Post Top Ad

Post Top Ad

Saturday, February 12, 2022

दवा और बेड नहीं दे पाई, ऐसी लापरवाह सरकार को उखाड़ फेंकना :: अखिलेश यादव

लखनऊ (मानवी मीडिया) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने आज बदायूं और शाहजहांपुर जिले की विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन किया।  यादव ने मुरादाबाद, संभल और दूसरे चरण के चुनाव के अन्य जिलों के समाजवादी पार्टी और गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहले चरण में भाजपा का सफाया हो गया है। दूसरे चरण में भी सफाया होना तय है। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पहले चरण के बाद ही ठंडे हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी गठबंधन की सरकार आने वाली है।

     अखिलेश यादव ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में भाजपा सरकार की लापरवाही के चलते बहुत बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई। हजारों परिवारों ने अपनों को खोया है। भाजपा सरकार लोगों को ऑक्सीजन, दवा और बेड नहीं दे पाई है। ऐसी लापरवाह सरकार को उखाड़ फेंकना है।

    अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार लापरवाही नहीं करती तो बहुत सारे लोग आज अपने परिवार के बीच होते। उस दुख और पीड़ा को कोई भूल नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने लोगों को संकट में डाला है। महंगाई और बेरोजगारी को बढ़ा दिया है। डीजल पेट्रोल के दाम बहुत बढ़ गए हैं। बेरोजगारी प्रदेश और देश में सबसे ज्यादा है। लेकिन भाजपा का कोई नेता महंगाई और बेरोजगारी की बात नहीं करता है। सब झूठे वादे करते हैं। छोटे नेता छोटा झूठ बोलते हैं और बड़े नेता बड़ा झूठ बोलते हैं।

    यादव ने कहा पूरे देश में किसी मुख्यमंत्री के ऊपर इतने मुकदमें नहीं होंगे जितने बाबा मुख्यमंत्री  पर हैं। बाबा मुख्यमंत्री  ने खुद अपने ऊपर से मुकदमें वापस ले लिए हैं।

    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नेता डोर-टू-डोर कैंपेन कर रहे थे। जबसे महिलाओं ने लाल सिलेण्डर दिखाना शुरू कर दिया है तब से डोर-टू-डोर कैंपेन बंद हो गई हैं।

     यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों की जेब काटकर अमीरों की तिजोरी भरने का काम किया है। मध्यमवर्ग और गरीब परेशान हैं वहीं कुछ उद्योगपति और अमीर होते जा रहे हैं। बाबा मुख्यमंत्री अहंकार में है। वह गर्मी निकालने की बात करते हैं। हम आप लोगों से वादा करते हैं समाजवादी और गठबंधन की सरकार बनने पर नौजवानों के लिए नौकरियों की भर्ती निकालेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि फौज में और पुलिस में नौजवानों के लिए नौकरी का इंतजाम करेंगे। सरकारी विभागों में लाखों पद खाली हैं। उन पदों पर हमारे नौजवानों की भर्ती होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नौजवानों के लिए कोई भर्ती नहीं की। परीक्षाएं रद्द हुई या तो पेपर लीक हुए। जब नौजवान नौकरी और रोजगार के लिए अपनी आवाज उठाता है तो यह सरकार उसे लाठियों से पिटवाती है।

     यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों से आय दोगुनी करने का झूठा वादा किया। छात्रों से लैपटॉप देने का झूठा वादा किया। समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो महंगाई कम करेंगे। 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त देंगे। किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदी जाएगी। किसानों को दो बोरी डीएपी और पांच बोरी यूरिया मुफ्त दी जाएगी। किसानों की सिंचाई पूरी तरह से फ्री होगी।

     यादव ने कहा कि सरकारी विभागों में 11 लाख नौजवानों को नौकरी देंगे। आईटी सेक्टर में 22 लाख युवाओं को अच्छी नौकरी दी जाएगी। गन्ना किसानों के भुगतान के लिए फार्मर कार्पस फंड बनाएंगे। गन्ने का भुगतान 15 दिन के अंदर कराया जाएगा। बीजेपी सरकार किसानों को ना खाद दे पाई और ना उनकी फसलों की खरीद कर पाई। सपा सरकार बनने पर एक्सप्रेस वे के किनारे मंडिया बनाएंगे। कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए डायल 100 सिस्टम में गाड़ियां बढ़ाई जाएंगी। स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 108 गाड़ियों की संख्या दुगनी करेंगे। बदायूं को सीधा लखनऊ पहुंचने के लिए एक्सप्रेस-वे से जोड़ेंगे।

     अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव सरकार बनाने का है। हमने महान दल, ओमप्रकाश राजभर , राष्ट्रीय लोकदल, अपना दल कमेरावादी समेत तमाम दलों को जोड़ा है। चाचा की भी पार्टी को जोड़ लिया है। अब समाजवादी पार्टी का मुकाबला कोई नहीं कर सकता है। हम प्रदेश की जनता को भाजपा के कुशासन, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से मुक्त कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा है। मैं अंबेडकरवादियों से भी अपील करता हूं कि वह समाजवादियों के साथ मिलकर लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए खड़े हों।

Post Top Ad