ऊ0 प्र0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के नवीन भवन का लोकार्पण एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया शुक्रवार 26 जुलाई, 2019 - मानवी मीडिया

निष्पक्ष एवं निर्भीक

.

Breaking

Post Top Ad

Post Top Ad

Friday, July 26, 2019

ऊ0 प्र0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के नवीन भवन का लोकार्पण एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया शुक्रवार 26 जुलाई, 2019

खादी राष्ट्रीय भावना, स्वावलम्बन और स्वाभिमान का प्रतीक है - श्री योगी आदित्य नाथ लखनऊ 26 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि खादी को जनान्दोलन का स्वरूप देते हुए आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की परिकल्पना खादी के माध्यम से रोजगार और स्वावलम्बन के सृजन की थी। गांधी जी के मूल्यों और आदर्शों पर चलकर देश और समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है।                                                  मुख्यमंत्री ने आज यहां उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क खादी डेªस तथा मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना में ब्याज उपादान के चेक प्रदान किए। पी0एम0ई0जी0पी0 के ऋण स्वीकृति पत्र के साथ-साथ लाभार्थियों को चाक एवं दोना-पत्तल की मशीन भी वितरित की। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करना बापू के सपनों को साकार करने की दिशा में एक कड़ी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी की 150वीं जयन्ती वर्ष एवं कारगिल विजय दिवस के अवसर पर खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के नवीन भवन एवं उनकी प्रतिमा का अनावरण एक सुखद संयोग है। गांधी जी की 150वीं जयन्ती के कई कार्यक्रम वर्तमान में चल रहे हैं। गांधी जी ने देश में आर्थिक उन्नति लाने के लिए खादी और ग्रामोद्योगों की परिकल्पना की, किन्तु समय के साथ खादी की तकनीक और डिजाइन आदि में परिवर्तन नहीं आया। यदि यह परिवर्तन हुआ होता तो ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में रोजगार सृजन बड़ी संख्या में होता। अब उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड तथा उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड रोजगार सृजन की दिशा में अपनी योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रहे है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के 150वीं जयन्ती वर्ष पूरी भव्यता के साथ मनाए जाने की तैयारी की गई है, जिसमें यह रणनीति बनायी गयी है कि इन कार्यक्रमों में गांधी जी की मूल विचारधारा के समावेश के साथ-साथ आम आदमी के जीवन में परिवर्तन भी लाया जा सके। इस क्रम में अनेक आयोजन उत्तर प्रदेश में किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी का स्वच्छता पर विशेष जोर था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 02 अक्टूबर, 2014 में स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम की शुरूआत की। यह मिशन आज एक जनान्दोलन का रूप ले चुका है। स्वच्छता के अभाव में कई विषाणु एवं जल जनित बीमारियां होती हैं। स्वच्छ भारत मिशन स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा का एक बड़ा कदम है। इसके माध्यम से राष्ट्रीयता की भावना भी उत्पन्न हुई तथा आम आदमी के अन्दर एक नई चेतना जाग्रत हुई। उत्तर प्रदेश में 1.90 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है। बेसलाइन कवर हो चुकी है। अब बेसलाइन के बाहर के लोगों को शौचालय उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम स्वराज की अवधारणा को साकार करने के लिए लघु एवं कुटीर उद्योगों को पुनर्जीवित करना होगा। कम निवेश में अधिक रोजगार सृजन खादी व ग्रामोद्योग के माध्यम से किया जा सकता है। रोजगार के लिए हमें ग्राम एवं कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने कहा कि सोलर चरखा गांवों में आर्थिक स्वावलम्बन को नया आधार प्रदान कर रहा है। उन्होंने रेन वाॅटर हार्वेस्टिंग को आवश्यक बताते हुए कहा कि भूजल का स्तर गिरता जा रहा है। 
      मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018-19 में पूरे देश में उत्तर प्रदेश सर्वाधिक निर्यातक प्रदेश बना है। यहां से 01 लाख 14 हजार करोड़ रुपए का निर्यात किया गया है। एक वर्ष में निर्यात के क्षेत्र में 25 हजार करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है, जो कि आर्थिक उन्नति और समृद्धि की दिशा में शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में परम्परागत पेशे से जुड़े हुए लोगों को समृद्ध करने की दिशा में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एक बड़ा कार्यक्रम है, जिसे राज्य सरकार द्वारा चलाया जा रहा है। इसी प्रकार खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा अनेक योजनाएं प्रारम्भ की गई हैं, जो कि खुशहाली लाने में सहायक होंगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी की 150वीं जयन्ती वर्ष के अवसर पर गांधी जी के मूल्यों व आदर्शों को अंगीकार करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की भारत को सशक्त व समृद्ध बनाने की परिकल्पना के साथ हम सब को जुड़ना चाहिए। 
       खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री सतीश महाना ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ श्रम के सम्मान के आधार पर प्रदेश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उनके द्वारा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के नवीन भवन का उद्घाटन किया जाना हम सब के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि खादी को आधुनिक तकनीक और फैशन से जोड़ने की शुरुआत खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा की जा चुकी है। उन्होंने खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा सप्ताह में एक दिन आवश्यक रूप से खादी के वस्त्र पहनने का सुझाव दिया।
       इस अवसर पर उ0प्र0 खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री  राम गोपाल उर्फ गोपाल अंजान तथा उ0प्र0 माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष धर्मवीर प्रजपति ने मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया। प्रमुख सचिव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री नवनीत सहगल द्वारा मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। खादी एवं ग्रामोद्योग की गतिविधियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया। उन्होंने उ0प्र0 खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड परिसर में वृक्षारोपण भी किया। 



Post Top Ad